Back

देवघर में ब्राउन शुगर रैकेट का खुलासा. दो तस्कर गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 4:55 PM on 20 May 2026


देवघर. जिला का मोहनपुर थाना क्षेत्र इन दिनों नशा कारोबार का अड्डा बनता जा रहा है. खासकर ब्राउन शुगर का कारोबार धड़ल्ले से फल फूल रहा है. पिछले दिनों 102 ग्राम बरामद हुआ था और बीती रात 8.43 ग्राम बरामद हुआ है.

 

देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दहीजोर लेटवावरण सड़क स्थित तोरहा मोड़ के पास छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार गौतम महथा उर्फ गौतम चौधरी 26 वर्ष ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा था तभी पुलिस ने धर दबोचा.

 

गौतम नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्कूल रोड का रहने वाला है. पुलिस ने गौतम के पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया. कड़ी पूछताछ में उसने दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिंघनी निवासी फिरोज अंसारी से ब्राउन शुगर खरीदने की बात कही. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिरोज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया.

 

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड के विभिन्न जिलों में संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करते थे. मोहनपुर थाना कांड संख्या 77/26 के तहत बीएनएस एवं एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है. गौतम महथा पर पहले से आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं.

Read more on Newsbrief