Brief By Newsbrief / 4:50 PM on 20 May 2026
धनबाद. जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 19 पर डीजल चोरों का आतंक एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है. हाईवे से प्रतिदिन हजारों छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही होती है लेकिन सड़क किनारे आराम कर रहे ट्रक चालकों और उनकी संपत्ति की सुरक्षा भगवान भरोसे चल रही है.
ताजा मामला कोटालअड्डा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास का है जहां अपराधियों ने एक ट्रक चालक को चाकू का भय दिखाकर डीजल लूट लिया. जानकारी के अनुसार कानपुर उत्तर प्रदेश से गेहूं लोड कर पश्चिम बंगाल के रानीगंज जा रहा एक ट्रक बीती रात रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप खड़ा था. ट्रक चालक गाड़ी खड़ी कर सो गया था.
इसी दौरान इनोवा कार से पहुंचे चार से पांच अपराधी ट्रक की टंकी से डीजल निकालने लगे. जब चालक की नींद खुली और उसने विरोध किया तो अपराधियों ने धारदार चाकू दिखाकर उसे धमकाया और चुप रहने को कहा. इसके बाद अपराधी ट्रक की टंकी से डीजल निकालकर मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद चालक ने इसकी सूचना ट्रक मालिक को दे दी है. वहीं लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से हाईवे पर चलने वाले ट्रक चालकों में दहशत का माहौल है. चालकों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.