Brief By Newsbrief / 3:19 PM on 20 May 2026
रांची. अब झारखंड पुलिस के वरीय पदाधिकारी व थानेदार ग्राम सभा के माध्यम से उनकी समस्या जानेंगे. इसके लिए वे प्रत्येक 10 से 15 दिनों में ग्राम सभा के साथ बैठक करेंगे. ग्रामीणों की समस्या जानेंगे और उसके समाधान का प्रयास करेंगे.
मुख्यमंत्री के माध्यम से पिछले दिनों बैठक में दिए गए इस निर्देश के बाद झारखंड पुलिस मुख्यालय भी गंभीर है. इस निर्देश का पालन करने के लिए एसओपी तैयार किया जा रहा है ताकि राज्य के सभी थाना व ओपी स्तर पर इसकी पहल की जा सके.
नई व्यवस्था में एसपी, डीएसपी और थानेदार गांवों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे. जमीन विवाद, महिला उत्पीड़न, नशा, साइबर ठगी और छोटे अपराधों की शिकायतें वहीं सुनी जाएंगी. जरूरी मामलों में तुरंत कार्रवाई होगी और बड़े मामलों को रजिस्टर कर समय सीमा में निपटाया जाएगा.
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इससे पुलिस और जनता के बीच भरोसा बढ़ेगा. अक्सर लोग थाने जाने से कतराते हैं. गांव में बैठक होने से वे खुलकर अपनी बात रख सकेंगे. साथ ही अपराध पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी.
एसओपी में बैठक का समय, स्थान, एजेंडा और फॉलोअप की पूरी प्रक्रिया तय की जा रही है. हर बैठक की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी. जल्द ही सभी जिलों को निर्देश जारी होंगे. इससे सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी और कानून व्यवस्था बेहतर होगी.