Back

ग्रीन हाईवे मिशन पर NHAI का बड़ा कदम. अंजनधाम टोल प्लाजा में हुआ पौधारोपण

Brief By Newsbrief / 1:08 PM on 19 May 2026


गुमला. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण NHAI लगातार राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रहा है. इसी पहल के तहत NH-43 के पलमा से गुमला खंड स्थित अंजनधाम टोल प्लाजा परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर हरित विकास का संदेश दिया.

 

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय अधिकारी एम.टी. अत्तरदे ने कल्पतरु सहित कई पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का अभियान नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने की जिम्मेदारी भी है.

 

इस मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पेड़ लगाना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है. राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे हरित आवरण बढ़ाने से न केवल वातावरण शुद्ध होगा, बल्कि यात्रियों को भी बेहतर और सुखद अनुभव मिलेगा.

 

NHAI द्वारा ग्रीन हाईवे मिशन के तहत लगातार सड़क किनारे पौधारोपण, सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं. प्राधिकरण का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में विकास के साथ साथ प्राकृतिक संतुलन को भी बनाए रखना है.

 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया. यह पहल हरित भारत, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास के प्रति NHAI की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

Read more on Newsbrief