Back

JTET भाषा विवाद पर सरकार का एक्शन. मंत्रियों की कमेटी की पहली बैठक में अधिकारियों को बड़े टास्क

Brief By Newsbrief / 4:20 PM on 18 May 2026


रांची. झारखंड में JTET 2026 की नई नियमावली को लेकर शुरू हुआ भाषा विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर मुद्दा बन चुका है. इसी विवाद के समाधान के लिए गठित पांच मंत्रियों की कमेटी की पहली बैठक सोमवार को आयोजित हुई. करीब दो घंटे तक चली बैठक में भाषा सूची से हटाई गई क्षेत्रीय भाषाओं और उससे जुड़े विवादों पर विस्तार से चर्चा की गई.

 

बैठक की अध्यक्षता वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने की. इस दौरान मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री संजय यादव, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मंत्री योगेंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे. मंत्रियों ने संकेत दिए कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पक्षों की राय और तथ्यों के आधार पर फैसला लेना चाहती है.

 

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि कई बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी मांगी गई है. मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे भाषा विवाद से जुड़े सभी दस्तावेज, पुराने नियम और तथ्य अगली बैठक में कमेटी के सामने प्रस्तुत करें. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि JTET 2026 की नई नियमावली में बदलाव के बिंदुओं पर विभाग से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है.

 

दरअसल विवाद तब शुरू हुआ जब हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट ने JTET 2026 के लिए नई नियमावली को मंजूरी दी. नई सूची में भोजपुरी, मगही और अंगिका जैसी भाषाओं को क्षेत्रीय भाषा श्रेणी से बाहर कर दिया गया. जबकि वर्ष 2016 की JTET परीक्षा में ये भाषाएं शामिल थीं. इसके बाद पलामू, गढ़वा, गोड्डा, देवघर और दुमका समेत कई जिलों में विरोध शुरू हो गया. अगली बैठक शुक्रवार को संभावित है.

Read more on Newsbrief