Back

रांची में चोरों का आतंक. एक रात में तीन दुकानों में चोरी

Brief By Newsbrief / 3:59 PM on 18 May 2026


रांची. राजधानी रांची में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा मामला गोंदा थाना क्षेत्र के मिसिर गोंदा इलाके का है. यहां एक ही रात में अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर दुकानों में रखे नगद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

 

रांची के गोंदा थाना इलाके स्थित मिसिर गोंदा में देर रात अज्ञात अपराधियों ने तीन दुकानों का अल्वेस्टर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने दुकानों में रखे नगद रुपये सहित कई जरूरी सामानों की चोरी कर ली. सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई. इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

 

घटना की सूचना मिलने के बाद गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. वहीं फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम भी मौके पर पहुंची और अपराधियों के फिंगर प्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाने में लग गई. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.

 

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है. दुकानदारों ने इलाके में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

Read more on Newsbrief