Brief By Newsbrief / 3:42 PM on 18 May 2026
झारखंड. भारत कोकिंग कोल लिमिटेड में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े स्तर पर ठगी का मामला सामने आया है. डकरा, खलारी, पिपरवार, टंडवा, भुरकुंडा, हजारीबाग और बड़कागांव में सक्रिय संगठित गिरोह पर करीब 200 लोगों से 20 करोड़ रुपये ऐंठने का आरोप है. शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है. आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हैं.
*कांग्रेस नेत्री से 24 लाख की ठगी*
डकरा निवासी कांग्रेस नेत्री इंदिरा देवी ने खलारी थाना में शिकायत दी है. उन्होंने बताया कि बेटे मनीष कुमार, कुणाल कुमार और भतीजे कौशल प्रसाद को BCCL में नौकरी का झांसा देकर 24 लाख रुपये ठग लिए गए. पूर्व मुखिया संजय आइंद की पत्नी मीनाक्षी आइंद ने भरोसा दिलाया. इसके बाद अजय कुमार सिन्हा और पवन कुमार ने खुद को सेटिंगबाज बताया.
*फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और मेडिकल का ड्रामा*
आरोपियों ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिखाया. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी सागर चक्रवर्ती के शानवी इंटरप्राइजेज खाते में 24 लाख ट्रांसफर कराए गए. युवकों को धनबाद बुलाकर होटल में ठहराया गया. पीएमसीएच में मेडिकल जांच कराई गई. फिर लोदना एरिया में बायोमेट्रिक और कथित बीटीसी ट्रेनिंग कराई गई.
जांच में पता चला कि गिरोह ने नेटवर्क मार्केटिंग मॉडल की तरह काम किया. एक चैनल सागर चक्रवर्ती और दूसरा मुस्तकीम अंसारी चला रहा था. मुस्तकीम खुद को कांग्रेस और ट्रेड यूनियन नेता बताता था. पिपरवार के एक व्यक्ति ने पांच करोड़ और डकरा के CCL कर्मी ने 75 लाख जुटाए. पुलिस ने लेनदेन का सत्यापन कर लिया है और कार्रवाई जारी है.