Back

रांची में चोरों ने किया दूध पर हाथ साफ, जांच में जूटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 3:19 PM on 18 May 2026


रांची के सेक्टर-2 मार्केट स्थित मशहूर रंगोली स्वीट्स के बाहर रखा दूध चोरी हो गया, और पूरी घटना दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. रोज की तरह दुकान खुलने से पहले दूध के कंटेनर बाहर रखे गए थे. सुबह के वक्त बाजार में चहल-पहल शुरू ही हुई थी कि तभी एक युवक मौके पर पहुंचा. उसने पहले इधर-उधर नजर दौड़ाई और फिर मौका मिलते ही दूध का कंटेनर उठाकर फरार हो गया. कुछ देर बाद जब दुकान कर्मियों की नजर वहां पड़ी तो दूध गायब मिला. इसके बाद तुरंत CCTV फुटेज खंगाला गया, जिसमें संदिग्ध युवक साफ तौर पर दिखाई दे रहा है. घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं सुनने को मिलती थीं, लेकिन अब दूध जैसी रोजमर्रा की चीजों की चोरी होना हैरानी की बात है. दुकानदारों ने प्रशासन से बाजार इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. रंगोली स्वीट्स प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति CCTV में दिख रहे युवक को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तुरंत सूचना दें. युवक की पहचान बताने वाले को इनाम देने की भी घोषणा की गई है. फिलहाल यह CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस ‘दूध चोर’ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर यह अनोखा चोर कब तक पुलिस और लोगों की नजरों से बच पाता है.

Read more on Newsbrief