Brief By Newsbrief / 2:51 PM on 18 May 2026
जमशेदपुर. एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक औद्योगिक परिसर के बाहर खड़े कंटेनर में चालक का शव फंदे से लटका मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृतक की पहचान हवा सिंह यादव के रूप में हुई है. कंटेनर से बरामद दस्तावेजों के अनुसार वह राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र स्थित बालूबास गांव का रहने वाला था. पुलिस को कंटेनर के अंदर से उसका आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल फोन और हेडफोन भी मिला है.
आशंका जताई जा रही है कि मृतक देर रात किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था. बातचीत के दौरान किसी निजी तनाव, विवाद या मानसिक दबाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली. उसका शव कंटेनर के ऊपर लगे लोहे के पाइप में रस्सी से लटकता मिला. शव को शीतगृह में रखवा दिया गया है.
पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है. परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया होगी और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. जमशेदपुर में लगातार आत्महत्या के मामले बढ़ रहे हैं. तनाव, पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग में लोग जान दे रहे हैं.