Brief By Newsbrief / 10:25 AM on 18 May 2026
रांची. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी जेटेट में क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में मगही, भोजपुरी और अंगिका को शामिल करने को लेकर मंत्रियों की कमेटी की बैठक सोमवार को मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी.
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के संयोजन वाली इस कमेटी में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार, योगेंद्र प्रसाद तथा संजय प्रसाद यादव शामिल हैं. इस बैठक में कार्मिक एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
बैठक में दोनों विभागों के अधिकारियों से पूछा जाएगा कि वर्ष 2012 की नियमावली में किस आधार पर इन तीनों भाषाओं को क्षेत्रीय भाषाओं की सूची में शामिल किया गया था. साथ ही यह जानकारी ली जाएगी कि इस वर्ष लागू नियमावली में इन भाषाओं को किस कारण जगह नहीं दी गई.
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को इस संबंध में दस्तावेज सौंपने को कहा गया है. गौरतलब है कि नई नियमावली से इन भाषाओं को हटाए जाने के बाद कई संगठनों ने विरोध जताया था. अभ्यर्थियों का कहना है कि इन भाषाओं के बिना क्षेत्र के छात्रों को नुकसान होगा. कमेटी की सिफारिश के बाद सरकार अंतिम निर्णय लेगी.