Back

झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट

Brief By Newsbrief / 8:15 AM on 18 May 2026


झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने 18 मई से 23 मई तक राज्य में मौसम के बदले रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

मौसम विभाग ने सोमवार को धनबाद और गिरिडीह में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. वहीं मंगलवार के लिए राज्य के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बाकी जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की अपील की है.

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री, धनबाद और मेदिनीनगर में 42 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं देवघर और डाल्टनगंज में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.

Read more on Newsbrief