Brief By Newsbrief / 11:01 AM on 15 May 2026
रांची. पुंदाग ओपी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. एक सेवानिवृत्त शिक्षिका ने अपनी भांजी और उसके पति पर लाखों की संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने बैंक खाते से लाखों रुपये निकालने, सोने के आभूषण रखने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप भी लगाया है. मामले को लेकर पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है.
पीड़िता विनती त्रिवेदी मूल रूप से धनबाद के गोमो की रहने वाली हैं. वर्तमान में वह रांची के न्यू पुंदाग स्थित ऋषभ नगर में रहती थीं. उन्होंने बताया कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं. उन्हें नियमित डायलिसिस कराना पड़ता है. बीमारी की हालत में भांजी और उसके पति ने भरोसा जीतकर धोखा दिया.
आरोप है कि दोनों ने मिलकर उनकी जमीन, मकान और अन्य संपत्ति अपने नाम करा ली. बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए गए. सोने के गहने भी रख लिए. विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया. अब पीड़िता न्याय की गुहार लगा रही हैं. पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है.