Back

गुवा सेल खदान में 50 बेरोजगारों को नौकरी पर सहमति, आंदोलन समाप्त

Brief By Newsbrief / 6:35 PM on 14 May 2026


चाईबासा में गुवा सेल लौह अयस्क खदान से प्रभावित गांवों के बेरोजगार ग्रामीणों की नौकरी की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन चक्का जाम आंदोलन सफल वार्ता के बाद समाप्त हो गया. कंपनी प्रबंधन, प्रशासन और ग्रामीण प्रतिनिधियों के बीच लगभग छह घंटे चली त्रिपक्षीय वार्ता में महत्वपूर्ण सहमति बनी.

बैठक में निर्णय लिया गया कि पहले चरण में 50 प्रभावित बेरोजगार ग्रामीणों को ग्रामसभा की अनुशंसा के आधार पर मई 2026 में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि आगे भी रोजगार देने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी और प्रत्येक गांव से चयन ग्रामसभा के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया जाएगा.

नियुक्ति प्रक्रिया की निगरानी के लिए कंपनी प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मानकी-मुंडा और आउटसोर्सिंग एजेंसी की संयुक्त समिति गठित करने पर भी सहमति बनी.

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि यह आंदोलन मजदूरों और ग्रामीणों की संगठित शक्ति की ऐतिहासिक जीत है. उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार मजदूरों को न्याय मिला है. मधु कोड़ा ने यह भी कहा कि पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया से भविष्य में धांधली और दलालों की भूमिका समाप्त होगी और योग्य प्रभावित ग्रामीणों को ही रोजगार का अवसर मिलेगा.

आंदोलन के दौरान कई चरणों में विरोध प्रदर्शन, धरना, ज्ञापन और भूख हड़ताल जैसे कार्यक्रम हुए थे, जिसके बाद माइंस क्षेत्र पूरी तरह ठप हो गया था. अंततः उत्पादन प्रभावित होने पर प्रबंधन वार्ता के लिए बाध्य हुआ.

वार्ता में प्रशासनिक अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने इस समझौते का स्वागत किया और आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की.

Read more on Newsbrief