Back

चंडीगढ़ में दिनदहाड़े युवक की चाकू से गोदकर हत्या, जांच में जूटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 5:30 PM on 13 May 2026


चंडीगढ़ के दरिया इलाके में 19 साल के युवक की बेरहमी से हत्या ने पूरे शहर को दहला दिया है. दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक युवक पर ताबड़तोड़ हमला करते दिखाई दे रहे हैं. मृतक की पहचान सूरज के रूप में हुई है, जो एक कंपनी में हेल्पर का काम करता था. बताया जा रहा है कि सूरज रोज की तरह अपनी ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में 5 से 6 युवकों ने उसे घेर लिया. आरोपियों ने पहले उसे बाइक से नीचे गिराया और फिर बाल पकड़कर सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया. इसके बाद चाकू और धारदार हथियारों से उसके सीने, पेट और पीठ पर लगातार वार किए गए. हमले के दौरान सूरज जान बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा. आरोपी इतने हैवान बन चुके थे कि उन्होंने घायल सूरज के चेहरे पर लातें भी मारीं. इतना ही नहीं, कुछ दूरी तक जाने के बाद आरोपी दोबारा लौटे और फिर से उस पर हमला किया. सड़क पर खून से लथपथ पड़े सूरज को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन डर के कारण कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया. बाद में कुछ राहगीरों और एक स्थानीय महिला ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. गंभीर हालत में सूरज को सेक्टर-32 स्थित GMCH अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूरज दरिया इलाके का रहने वाला था और उसका जुड़वा भाई धीरज है. उसके पिता चंडीगढ़ यूटी फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं. फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है.

Read more on Newsbrief