Brief By Newsbrief / 7:41 AM on 13 May 2026
जमशेदपुर: टाटानगर रेल यार्ड क्षेत्र में मंगलवार देर रात तेंदुआ दिखने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यार्ड परिसर के पास झाड़ियों के बीच तेंदुए जैसा जंगली जानवर घूमता नजर आया। कुछ कर्मचारियों ने मोबाइल से उसका वीडियो भी बना लिया, जिसके बाद मामला तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल गया।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। देर रात तक टीम ने झाड़ियों, खाली पड़े हिस्सों और ट्रैक किनारे इलाकों में तेंदुए की तलाश की। एहतियात के तौर पर रेल यार्ड के संवेदनशील हिस्सों में अतिरिक्त निगरानी शुरू कर दी गई है। कर्मचारियों को समूह में काम करने और रात के समय अकेले न निकलने की सलाह दी गई है। कुछ हिस्सों में आवाजाही सीमित कर दी गई है।
वन विभाग ने रेल यार्ड और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैप कैमरे लगाए हैं और माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने को कहा है। विभाग का मानना है कि दिखा जानवर तेंदुआ या जंगली बिल्ली भी हो सकता है। वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी के आधार पर जांच जारी है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में जंगलों से सटे होने के कारण लकड़बग्घा, तेंदुआ, हाथी जैसे वन्य जीवों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।