Brief By Newsbrief / 6:11 PM on 12 May 2026
कोलकाता में पश्चिम बंगाल सरकार के विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी संभालने के बाद मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नगरायन भवन में अधिकारियों के साथ अपनी पहली समीक्षा बैठक की. बैठक में विभागीय कार्यों, योजनाओं और आगामी प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने साफ कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देगी. इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता और मुफ्त बस यात्रा जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं.
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 1 जून से अन्नपूर्णा भंडार योजना लागू करने जा रही है. इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी. उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और जरूरतमंद परिवारों को राहत देना है. महिला एवं बाल विकास विभाग को लेकर उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए.
अग्निमित्रा पॉल ने यह भी घोषणा की कि अगले महीने की पहली तारीख से बंगाल रोडवेज की सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए लगातार नई योजनाएं ला रही है. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के लाभार्थियों की सूची का सत्यापन किया जाएगा. जिन लोगों के नाम एसआईआर प्रक्रिया में हटाए गए हैं या जो पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करते, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा. सरकार केवल योग्य और पात्र नागरिकों को ही योजनाओं का लाभ देने पर जोर दे रही है.