Brief By Newsbrief / 11:54 AM on 12 May 2026
चाईबासा: शहर में ईंधन आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के उद्देश्य से मंगलवार सुबह प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सीडीपीओ एवं सीओ ने चाईबासा शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि दोपहिया वाहनों में 100 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा बोतल, गैलन या अन्य खुले बर्तनों में पेट्रोल-डीजल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम ईंधन की कालाबाजारी रोकने और जरूरतमंद लोगों तक समान रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
अधिकारियों ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि सभी नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर के पेट्रोल पंपों पर सतर्कता बढ़ गई है और लोग भी नियमों का पालन करते नजर आए।