Back

तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने की पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन से मुलाकात

Brief By Newsbrief / 5:33 PM on 11 May 2026


तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्रीविजय ने पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम. के. स्टालिन से मुलाकात की. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब विजय ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है और राज्य में नई सरकार का गठन हुआ है.अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की. इस जीत ने तमिलनाडु की राजनीति में लंबे समय से चले आ रहे डीएमके और एआईएडीएमके के वर्चस्व को चुनौती दी है और एक नया राजनीतिक अध्याय शुरू किया है. बैठक को लेकर आधिकारिक तौर पर यह जानकारी सामने नहीं आई कि दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि, मीडिया में साझा की गई तस्वीरों में मुख्यमंत्री विजय काले सूट में नजर आए और उन्होंने हाथ जोड़कर एम.के. स्टालिन का अभिवादन किया. स्टालिन ने भी उसी सम्मान के साथ उनका जवाब दिया, जिससे राजनीतिक शिष्टाचार की झलक देखने को मिली. चुनाव परिणामों के बाद तमिलनाडु में कई दिनों तक राजनीतिक खींचतान जारी रही थी. सरकार गठन को लेकर गठबंधन की कोशिशें भी तेज थीं. विजय ने बहुमत हासिल करने के लिए कांग्रेस और अन्य दलों का समर्थन लिया था. इस दौरान वे राज्यपाल से भी कई बार मिले, जहां बहुमत साबित करने को लेकर चर्चा हुई. चुनाव के बाद यह भी अटकलें लगाई गई थीं कि डीएमके और एआईएडीएमके जैसे बड़े दल भी गठबंधन की संभावनाओं पर विचार कर सकते हैं, लेकिन अंततः विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनी. मुलाकात से पहले ही स्टालिन ने विजय को बधाई दी थी और सलाह दी थी कि सरकार का ध्यान पिछली सरकारों पर आरोप लगाने के बजाय चुनावी वादों को पूरा करने और राज्य के विकास पर होना चाहिए.

Read more on Newsbrief