Back

पलामू: डाल्टनगंज रेलवे ट्रैक पर लेटकर युवक ने दी जान, परिवार सदमे में

Brief By Newsbrief / 5:23 PM on 11 May 2026


पलामू के डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर युवक रंजीत कुमार दुबे ने ट्रेन के सामने आकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली. घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि युवक ट्रेन को आता देख ट्रैक पर लेट गया, जिसके बाद मालगाड़ी उसे कुचलते हुए आगे निकल गई. मृतक की पहचान पूर्वडीहा गांव निवासी रंजीत कुमार दुबे के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रंजीत सुबह घर से निकले थे और कुछ समय तक स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़े रहे. करीब 10:30 बजे उन्होंने मालगाड़ी को आते देखा और अचानक प्लेटफॉर्म से उतरकर रेलवे ट्रैक पर चले गए. पहले वे कुछ देर खड़े रहे और फिर पटरी पर सिर रखकर लेट गए. प्लेटफॉर्म के आखिरी हिस्से में होने के कारण आसपास मौजूद लोग समय रहते उन्हें बचा नहीं सके. घटना के बाद जब रंजीत घर नहीं लौटे तो उनके चाचा और भाई उनकी तलाश में निकले. बाद में रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के आधार पर वे अस्पताल पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई. परिजनों के अनुसार, रंजीत पढ़ाई में काफी मेहनती थे. उन्होंने Banaras Hindu University और संत जेवियर रांची से पढ़ाई की थी. इसके बाद उन्होंने जीएलए कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन और बीएड भी किया, लेकिन पिछले कई वर्षों से उन्हें नौकरी नहीं मिल रही थी. बताया जा रहा है कि वे करीब 6 साल से रोजगार की तलाश में थे, जिससे वे मानसिक तनाव में रहते थे. परिवार ने यह भी बताया कि वर्ष 2018 में भी रंजीत ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय उन्हें बचा लिया गया था. इस दर्दनाक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 

Read more on Newsbrief