Back

जालंधर: लड़की के अपहरण और गैंगरेप मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 5:15 PM on 11 May 2026


जालंधर में सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगरेप के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह उर्फ जग्गा निवासी गोइंदवाल साहिब, करण मेहरा निवासी बलदेव नगर और अर्जुन निवासी उपकार नगर के रूप में हुई है. जांच में सामने आया है कि तीनों ने मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था. मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि 28 अप्रैल को सिविल अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवती के साथ कुछ लोगों ने अपहरण कर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए गए. पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि कुछ युवक उसे जबरदस्ती कार में उठा ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया. उसने जग्गा समेत 5 से 6 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले जगजीत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पूछताछ के आधार पर करण मेहरा और अर्जुन को भी पकड़ लिया गया. पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है. फिलहाल बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है

Read more on Newsbrief