Brief By Newsbrief / 4:49 PM on 11 May 2026
गुमला जिले ने जैक बोर्ड परीक्षा 2026 में ऐतिहासिक सफलता हासिल कर पूरे झारखंड में अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परचम लहरा दिया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर भवन, गुमला में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस वर्ष गुमला ने माध्यमिक परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इंटर कला संकाय में प्रथम, विज्ञान में द्वितीय और वाणिज्य में तृतीय स्थान हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया। समारोह में माध्यमिक परीक्षा के राज्य स्तरीय सेकेंड टॉपर सहित जिला स्तर के टॉप-10 विद्यार्थियों और 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 310 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट के विभिन्न संकायों के टॉप-10 में शामिल 40 विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि गुमला जैसे दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह सफलता वर्षों की मेहनत, रणनीतिक योजना और टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने “शिक्षा कर भेंट अभियान” और “बोर्ड परीक्षा विजयी अभियान” की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर मॉनिटरिंग, मॉक टेस्ट और रेमेडियल कक्षाओं ने विद्यार्थियों को सफलता दिलाई।
समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।