Brief By Newsbrief / 12:31 PM on 11 May 2026
रांची रिम्स में वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है. सोमवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने रिम्स निदेशक का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले ढाई महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. कर्मचारियों ने कहा कि कई बार प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक उनके खातों में वेतन नहीं पहुंचा. लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों का धैर्य टूटने लगा है. प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं हुआ तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे. जानकारी के अनुसार रिम्स में करीब 1500 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें पिछले ढाई महीने से वेतन नहीं मिला है. वेतन नहीं मिलने से पैरामेडिकल स्टाफ, स्थायी नर्सिंग स्टाफ और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है. कर्मचारियों का कहना है कि नियमित वेतन नहीं मिलने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि बच्चों की स्कूल फीस, बैंक ईएमआई, किराया और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए उन्हें उधार लेना पड़ रहा है. कई कर्मचारियों ने कहा कि आर्थिक तंगी की वजह से परिवार पर मानसिक दबाव बढ़ता जा रहा है. रिम्स कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार अस्पताल की सेवा में लगे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद समय पर वेतन नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान निकालने की मांग की है. अब सभी की नजर रिम्स प्रबंधन पर टिकी है कि कर्मचारियों की नाराजगी को शांत करने और वेतन भुगतान को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं.