Brief By Newsbrief / 12:39 PM on 10 May 2026
एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह बेहद गंभीर है. बिग बॉस OTT-2 विजेता एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. बदमाशों ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर एल्विश और उनके पिता को दो दिन के भीतर रकम देने की धमकी दी है. 5 मई को एल्विश यादव के मोबाइल पर एक इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे वह रिसीव नहीं कर सके. इसके बाद उसी नंबर से धमकी भरा मैसेज आया. मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग की. साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर तय समय में पैसे नहीं दिए गए तो एल्विश और उनके पिता को गोली मार दी जाएगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सेक्टर-56 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने जांच अपराध शाखा को सौंप दी है और अब कॉल व मैसेज की लोकेशन तथा स्रोत का पता लगाने में जुटी है. यह पहला मामला नहीं है जब एल्विश यादव को निशाना बनाया गया हो. इससे पहले 17 अगस्त 2025 को उनके घर पर बाइक सवार बदमाशों ने करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की थी. उस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें फरीदाबाद और दिल्ली से पकड़े गए आरोपी भी शामिल थे. अब एक बार फिर मिली धमकी के बाद पुलिस सतर्क हो गई है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया है.