Brief By Newsbrief / 7:05 PM on 09 May 2026
गुमला जिले के कामडारा प्रखंड अंतर्गत गरई (सोनाटोली) गांव में क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने प्रगतिशील महिला किसान रेशमा केरकेट्टा एवं अमित केरकेट्टा द्वारा की जा रही ड्रैगन फ्रूट की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त ने खेत में लगाए गए पौधों का अवलोकन करते हुए खेती की पूरी प्रक्रिया, लागत और उत्पादन की जानकारी ली।
किसान ने बताया कि लगभग डेढ़ एकड़ भूमि में 515 ड्रैगन फ्रूट के पौधे लगाए गए हैं, जिन्हें तेलंगाना से लाया गया था। वर्तमान में इस खेती से उन्हें प्रति वर्ष लगभग 6 से 7 लाख रुपये की आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय बाजार में इस फल की अच्छी मांग है और बिक्री में कोई विशेष समस्या नहीं होती।
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह खेती अन्य किसानों, विशेषकर महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए प्रेरणादायक मॉडल है। उन्होंने कहा कि परंपरागत खेती के साथ उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि किसानों को तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि वे ऐसी लाभकारी खेती से जुड़ सकें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिले में पलायन रोकने के लिए कृषि को सशक्त बनाना आवश्यक है और प्रशासन इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।