Brief By Newsbrief / 5:04 PM on 09 May 2026
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही है, जिससे लखनऊ के राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है. कल शाम तक कैबिनेट विस्तार की घोषणा हो सकती है. इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं. इस संभावित मुलाकात को मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है. इस विस्तार में करीब 9 से 10 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. साथ ही कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, अभी तक सरकार या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. संभावित नामों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, मनोज पांडे और पूजा पाल के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं. माना जा रहा है कि इन चेहरों को शामिल कर सरकार सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश कर सकती है. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह सिर्फ प्रशासनिक फेरबदल नहीं बल्कि एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी है. लोकसभा चुनाव के बाद बने नए राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए भाजपा संगठन और सरकार दोनों में संतुलन बनाने की रणनीति पर काम कर रही है. विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण इस संभावित विस्तार को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अगर यह विस्तार होता है तो सरकार का फोकस क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, जातीय संतुलन और संगठनात्मक मजबूती पर रहेगा, जिससे चुनावी तैयारियों को नई दिशा मिल सकती है.