Brief By Newsbrief / 2:51 PM on 09 May 2026
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय दुम्बी में पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। छात्रा के परिजनों ने स्कूल के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार पर बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, जब छात्रा घर पहुंची तो उसके हाथ और पैरों पर चोट के गहरे निशान देख परिजन हैरान रह गए। बच्ची दर्द से कराह रही थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
छात्रा की मां का आरोप है कि प्रधानाध्यापक पहले भी बच्ची को छोटी-छोटी बातों पर प्रताड़ित करते थे। इस बार कथित तौर पर मारपीट इतनी ज्यादा हुई कि बच्ची घायल हो गई। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि छात्रा अपनी सहेली से झगड़ा कर रही थी और उसे केवल समझाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और शिक्षा विभाग सक्रिय हो गए हैं। सदर थाना पुलिस जांच में जुटी है, जबकि जिला शिक्षा अधीक्षक ने दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।