Brief By Newsbrief / 1:20 PM on 08 May 2026
कोडरमा: जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है. प्रेमिका से मिलने आधी रात को पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने युवती के घर में पकड़ लिया. दोनों को कथित आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद गांव वालों ने पंचायत बुलाई और परिजनों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी. हालांकि मामला यहीं नहीं रुका और बाद में पुलिस भी पूरे घटनाक्रम में शामिल हो गई.
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है. युवती के परिवार के सदस्य इलाज के सिलसिले में कोडरमा गए हुए थे और युवती घर में अकेली थी. इसी दौरान चलकुशा थाना क्षेत्र निवासी दिनेश यादव चुपके से उससे मिलने उसके घर पहुंच गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था.
देर रात युवक के घर में होने की भनक गांव वालों को लग गई. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया. घटना की जानकारी युवती के पिता को दी गई. उनके पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और पंचायत चली. अंततः ग्रामीणों ने मौके पर ही दोनों की शादी करा दी.
सूचना मिलने पर पुलिस भी गांव पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. युवती ने थाना में आवेदन देकर बताया कि दोनों अपनी मर्जी से मिलते थे. वहीं शादी के बाद कुछ लोगों द्वारा विरोध और धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.