Brief By Newsbrief / 6:57 PM on 07 May 2026
राज्य के अंचलों में चल रहे राजस्व कार्यों में तेजी लाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने एक नई डिजिटल अनुश्रवण व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब सभी चयनित अंचलों की रोजाना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी।
विभागीय सचिव जय सिंह या उनके द्वारा नामित वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से 4:00 बजे तक दो अंचलों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस बैठक में संबंधित अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
इस समीक्षा के दौरान ऑनलाइन दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी, अभियान बसेरा, सरकारी भूमि सत्यापन, राजस्व महा-अभियान, लोक भूमि अतिक्रमण और लोक शिकायत से जुड़े मामलों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विभाग का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर आम जनता को भूमि संबंधी सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना है। इसके लिए आईटी मैनेजर प्रत्येक दिन सुबह 10 बजे चयनित अंचलों की सूची और वीसी लिंक संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे।
सभी समाहर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में नियमित निगरानी सुनिश्चित करें और अधिकारियों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दें। इस नई व्यवस्था से न केवल कार्य निष्पादन में तेजी आएगी बल्कि जवाबदेही भी बढ़ेगी, जिससे राजस्व सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।