Brief By The Newspost / 6:40 PM on 07 May 2026
झारखंड–बिहार संयुक्त आयकर परिक्षेत्र में कर संग्रह और बड़े करदाताओं को लेकर नई जानकारी सामने आई है. आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डी. सुधाकर राव के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस क्षेत्र के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्सपेयर हैं. उन्होंने बताया कि धोनी समय पर और बड़े पैमाने पर कर भुगतान करने वालों में शीर्ष स्थान पर हैं. हालांकि, टैक्स गोपनीयता नियमों के चलते उनकी कुल कर राशि सार्वजनिक नहीं की गई है. आयकर विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष में झारखंड ने लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का राजस्व योगदान दिया, जबकि बिहार से करीब 8 हजार करोड़ रुपये का टैक्स संग्रह हुआ. इस तरह कुल मिलाकर लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के लक्ष्य में झारखंड ने अधिक योगदान देकर बिहार से बढ़त बना ली है. विभाग का कहना है कि झारखंड में तेजी से बढ़ता औद्योगिक ढांचा, खनन क्षेत्र और व्यापारिक गतिविधियां इस वृद्धि का मुख्य कारण हैं. विभागीय रिपोर्ट में टैक्स अनुपालन को लेकर चिंता भी जताई गई है. देश में करीब 5 करोड़ पैन कार्ड धारक हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ लगभग 40 लाख लोग ही नियमित रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करते है. यह अंतर कर प्रणाली की व्यापकता और अनुपालन की चुनौती को दर्शाता है. इसी स्थिति को देखते हुए आयकर विभाग ने टैक्स चोरी पर सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में 12 बड़े व्यापारिक समूहों पर छापेमारी की गई और 90 से अधिक मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई है. विभाग का कहना है कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. साथ ही, नए आयकर अधिनियम 2025 के तहत अप्रैल 2026 से कर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि टैक्स अनुपालन बढ़ाया जा सके और राजस्व संग्रह को मजबूत किया जा सके.