Brief By Newsbrief / 3:19 PM on 30 Apr 2026
रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार को हुई झमाझम बारिश और रिमझिम फुहारों ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। राजधानी और आसपास के इलाकों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 30 अप्रैल और 1 मई को राज्य के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम का असर और तेज रहने की संभावना है। रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका समेत कई जिलों में मेघगर्जन, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि यह स्थिति 5 मई तक बनी रह सकती है, जबकि इसके बाद येलो अलर्ट रहेगा। लोगों से विशेष सावधानी बरतने, दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें कांके में 12.2 मिमी वर्षा हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट बनी रहेगी, जिससे गर्मी से राहत जारी रहेगी।