Brief By Newsbrief / 10:46 AM on 30 Apr 2026
झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। गोमिया-फुसरो मुख्य मार्ग पर जारंगडीह स्थित ढोरी माता चर्च के पास सुबह करीब चार बजे बारात से लौट रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने पुलिस की गश्ती बोलेरो वाहन को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस हादसे में कार में सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें धनबाद के महूदा निवासी सुरेश कुमार, भरत रजक और धर्मनाथ पासवान की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कार चालक बंटी कुमार रजक को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि गश्ती वाहन में सवार पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार कच्छप, चालक और अन्य जवान पूरी तरह सुरक्षित रहे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. अमर कुमार की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को आई झपकी को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।