Back

गिरिडीह में सनसनी: प्रहरियों को बंधक बनाकर 15.58 लाख की कॉपर वायर चोरी, तीन गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 5:19 PM on 29 Apr 2026


गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत डीवीसी सबस्टेशन के पीछे रेलवे द्वारा 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन का कार्य चल रहा था। 26 और 27 अप्रैल की मध्य रात्रि अपराधियों ने वहां धावा बोला। सबसे पहले उन्होंने ड्यूटी पर तैनात दो रात्रि प्रहरियों के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने करीब 193 मीटर कॉपर वायर चोरी कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत 15,58,316 रुपये बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही निमियाघाट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गिरिडीह एसपी के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीन अपराधियों—कल्लू कुमार उर्फ कल्लू पासी, राजू भुईया उर्फ कारू भुईया और नरेश भुईया उर्फ विट्ठल भुइया—को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी धनबाद के केंदुआ क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने इनके पास से 267 किलोग्राम कॉपर तार, 39 किलोग्राम केबल कवर, दो मोबाइल, 38 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त औजार और एक पिकअप वैन जब्त की है। पुलिस के अनुसार, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी कॉपर चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Read more on Newsbrief