Brief By Newsbrief / 5:45 PM on 28 Apr 2026
दुमका जिले में एक बारात की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब लापरवाही भारी पड़ गई। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरायदाहा गांव के पास बारातियों से भरी एक बस हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। घटना के समय कई बाराती बस की छत पर बैठकर नाच-गाना कर रहे थे, तभी बस का संपर्क ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से हो गया और लोग करंट की चपेट में आ गए।
इस हादसे में करीब एक दर्जन बाराती झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार बारात पाकुड़ जिले के पाकुड़िया से भुस्की गांव जा रही थी। रास्ते में जश्न मनाते बारातियों की यह लापरवाही हादसे की वजह बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, बस को जब्त कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि वाहन की छत पर सफर करना और बिजली तारों के नीचे मस्ती करना कितना खतरनाक हो सकता है।