Back

ट्रेजरी घोटाले में ED की एंट्री तय! प्रवर्तन निदेशालय की नजर, करोड़ों के खेल में बड़े चेहरे होंगे बेनकाब

Brief By Newsbrief / 1:34 PM on 28 Apr 2026


रांची से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां झारखंड के बहुचर्चित ट्रेजरी घोटाले में अब केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय की एंट्री की संभावना जताई जा रही है। अब तक इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है, लेकिन करोड़ों रुपये के लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत मिलने के बाद ईडी भी सक्रिय हो सकती है।

दरअसल, हजारीबाग, बोकारो, रांची और चाईबासा के ट्रेजरी से अवैध निकासी के कई मामले सामने आए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि वेतन मद के नाम पर वर्षों तक करोड़ों रुपये फर्जी तरीके से अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए।

बोकारो में लेखापाल कौशल कुमार पांडे की गिरफ्तारी के बाद कई अहम सुराग मिले, वहीं सीआईडी ने जवान सतीश कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया, जिसके खाते में एक करोड़ से अधिक का लेन-देन पाया गया। हजारीबाग में पुलिस विभाग के खजाने से करीब 35 करोड़ रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया, जिसमें शंभू सिंह को मास्टरमाइंड माना जा रहा है।

रांची में पशुपालन विभाग से करीब तीन करोड़ रुपये की निकासी और चाईबासा में 30 लाख रुपये के गबन ने इस घोटाले को और बड़ा बना दिया है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूरे मामले में कई बड़े चेहरे पर्दे के पीछे से खेल कर रहे हैं। ऐसे में प्रवर्तन निदेशालय की एंट्री से मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल पर कार्रवाई तेज हो सकती है और घोटाले से जुड़े असली चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

Read more on Newsbrief