Brief By Newsbrief / 11:23 AM on 28 Apr 2026
धनबाद: झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस अब निर्णायक मोड में नजर आ रही है। इस बार रणनीति सीधे अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की है। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, धनबाद, रांची और जमशेदपुर सहित कई जिलों में सक्रिय गैंगों के खिलाफ पुलिस ने उनके आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने की व्यापक योजना पर काम शुरू कर दिया है।
गैंगस्टरों की पूरी कुंडली तैयार की जा रही है, जिसमें उनकी बेनामी संपत्ति, बैंक खातों, लेनदेन और फंडिंग नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। पुलिस की नजर खास तौर पर प्रिंस खान, अखिलेश सिंह, राहुल सिंह, अमन साहू और सुजीत सिन्हा गिरोह पर है।
विक्रम शर्मा हत्याकांड के बाद भी इन नेटवर्क्स की जांच तेज हुई है, जिसके तार जमशेदपुर से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, अमन साहू की मुठभेड़ में मौत के बावजूद उसका गिरोह अब भी सक्रिय है।
धनबाद पुलिस को हाल में बड़ी सफलता तब मिली, जब प्रिंस खान गैंग के सैफी को गिरफ्तार किया गया। इससे पूरे नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद बढ़ गई है।
जानकार बताते हैं कि पहले भी धनबाद में माफिया के खिलाफ आर्थिक चोट की रणनीति कारगर साबित हुई थी। अब झारखंड पुलिस उसी मॉडल पर काम करते हुए संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।