Back

जमशेदपुर में बेखौफ बदमाश, रेलवे कर्मी की गोली मारकर हत्या, लॉबी गेट बना क्राइम स्पॉट

Brief By Newsbrief / 7:56 AM on 27 Apr 2026


जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे लॉबी गेट के पास रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक रेलवे कर्मचारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से कर्मचारी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक लोको पायलट लॉबी गेट की ओर जा रहा था, तभी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मृतक आदित्यपुर का निवासी था और जमीन कारोबार के साथ-साथ रेलवे से जुड़े ठेके का काम भी करता था।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Read more on Newsbrief