Brief By Newsbrief / 6:01 PM on 24 Apr 2026
धनबाद जिले के टुण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमारटीह में CSP संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
शुक्रवार को धनबाद डीएसपी-02 डीएन बंका ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 13 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 2:50 बजे की है। उस समय तीन अज्ञात अपराधी सफेद गमछे से चेहरा ढककर CSP संचालक सुनील मुर्मू की दुकान में घुस गए। अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर 78,750 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए टुण्डी थाना में कांड संख्या 28/26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की गहन जांच की।
जांच के दौरान मिले फुटेज के आधार पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुन्दरपहाड़ी निवासी डिग्गू गोप (28 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अपने दो अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (JH 10BV 2355), घटना के समय पहना गया जूता और 1,120 रुपये नगद बरामद किए हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा करने का दावा किया है।