Brief By Newsbrief / 5:45 PM on 24 Apr 2026
चाईबासा में झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल कुमार महतो ने लगातार तीसरी बार शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
अनिल कुमार महतो के बार परिसर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अधिवक्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महतो ने सभी अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पहले की तरह आगे भी अधिवक्ताओं के हित में जनकल्याणकारी कार्य करते रहेंगे। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए वे हमेशा आवाज बुलंद करते रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के महासचिव फादर अगस्तिन कुल्लू सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने महतो की जीत को अधिवक्ताओं की एकजुटता और विश्वास का प्रतीक बताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति ने समारोह को और भी खास बना दिया।