Brief By Newsbrief / 1:22 PM on 24 Apr 2026
रांची पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने रांची पुलिस की याचिका खारिज करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया। साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश को बरकरार रखा गया है।
दरअसल, 15 जनवरी को रांची के एयरपोर्ट थाना में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान रांची पुलिस की टीम ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंची थी। इस दौरान ईडी अधिकारियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद ईडी ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।
झारखंड उच्च न्यायालय ने सभी पक्षों को सुनने के बाद रांची पुलिस की जांच पर रोक लगाते हुए सीबीआई जांच का आदेश दिया था। इस फैसले को रांची पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी और 25 मार्च को दाखिल याचिका में सीबीआई जांच रोकने की मांग की गई थी।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए याचिका खारिज कर दी। अब सीबीआई इस पूरे प्रकरण की जांच करेगी। माना जा रहा है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं, जिससे पूरे मामले की सच्चाई उजागर होगी।