Brief By Newsbrief / 10:51 AM on 24 Apr 2026
राजनगर गम्देसाई निवासी 62 वर्षीय रातु हांसदा की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान रिम्स रांची में मौत हो गई। 16 अप्रैल को शाम करीब 7 बजे तारा होटल से चाय पीकर बाहर निकलते समय चाईबासा की ओर जा रहे ट्रक से निकली लोहे की चादर उनके सिर पर लग गई थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर, फिर एमजीएम जमशेदपुर और बाद में टीएमएच ले जाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें रिम्स रांची रेफर किया गया, जहां बुधवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गुरुवार शाम करीब 8 बजे जैसे ही शव राजनगर पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया, जो 13 घंटे बाद भी जारी है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है और बाजार की सभी दुकानें बंद हैं, जिससे इलाके में लॉकडाउन जैसी स्थिति बन गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन मुआवजे के मामले में गंभीर नहीं है और ट्रक मालिक से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वे उचित मुआवजे की मांग को लेकर डटे हुए हैं।
रातु हांसदा न सिर्फ पशुपालक थे, बल्कि एक कुशल पशु चिकित्सक भी थे। उनके पास 20-25 बैल और 30 से अधिक भेड़-बकरियां थीं। वे जरूरतमंद किसानों को बैल मुफ्त में देते थे और क्षेत्रभर के लोग अपने पशुओं के इलाज के लिए उनके पास आते थे। उनकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।