Back

शॉर्ट सर्किट से भड़की भीषण आग, धनबाद में दर्जनभर घर जलकर राख

Brief By Newsbrief / 6:36 PM on 23 Apr 2026


धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविन्दाडीह गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। यह आग मजीद अंसारी के घर से शुरू हुई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना स्थानीय थाना और अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन दमकल की टीम लगभग चार घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला और दमकलकर्मियों को विरोध का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह है। घरों की छत के बेहद करीब से गुजर रहे बिजली के तारों को हटाने की मांग कई बार की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना में दर्जनभर घर जलकर राख हो गए और कई परिवारों का आशियाना उजड़ गया।

Read more on Newsbrief