Brief By Newsbrief / 6:25 PM on 22 Apr 2026
साहिबगंज जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता एवं केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में विशेष रूप से बरहेट स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवगादी धाम के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके साथ ही साहिबगंज जिले के अन्य ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
पंकज मिश्रा ने कहा कि साहिबगंज जिला प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व से भरपूर है, जहां एक ओर मां गंगा की निर्मल धारा बहती है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी क्षेत्रों में ऐतिहासिक धरोहरें स्थित हैं। यदि इन स्थलों का योजनाबद्ध विकास किया जाए तो यह जिला राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से शिवगादी धाम का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क संपर्क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और आवासीय सुविधाओं के विकास की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया।
झामुमो युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय गोस्वामी ने भी कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। मौके पर शिवगादी प्रबंध समिति के अध्यक्ष रूपक कुमार शाह भी उपस्थित रहे।