Brief By Newsbrief / 4:14 PM on 22 Apr 2026
धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित टांडाबाड़ी बस्ती में बुधवार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच एक बार फिर बड़ा भू-धंसान हुआ, जिससे पूरी बस्ती लगभग चार फीट नीचे धंस गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर घरों से बाहर निकलने लगे। मंदिर घर पीसीसी सड़क और कई मकानों में बड़ी दरारें आ गई हैं। लोग भय के माहौल में अपने परिवार महिलाओं और बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे सड़कों और मैदानों में रहने को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि 31 मार्च 2026 को भी इसी क्षेत्र में भू-धंसान की गंभीर घटना हुई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद अब तक न तो स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था हुई है और न ही सुरक्षित स्थान पर विस्थापन। ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल की लापरवाही के कारण स्थिति लगातार बिगड़ रही है। 20 दिन पहले हुई घटना के बाद पुनर्वास के नाम पर केवल आश्वासन दिया गया लेकिन जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना के बाद बीसीसीएल अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। प्रभावित लोग राहत पुनर्वास और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।