Brief By Newsbrief / 10:07 AM on 20 Apr 2026
साहिबगंज जिले के ओझा टोली स्थित गंगा घाट पर स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बिहार के बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत खजूर कर्मा गांव निवासी 19 वर्षीय निशांत कुमार गंगा में डूबकर लापता हो गया है।
जानकारी के अनुसार निशांत अपने चचेरे भाई पीयूष कुमार और एक अन्य रिश्तेदार के साथ गंगा स्नान करने गया था। इसी दौरान वे लोग अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद एक टोटो चालक ने शोर मचाया, जिसके बाद पास में स्नान कर रहे एक व्यक्ति ने तत्परता दिखाते हुए पीयूष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, निशांत तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही रिवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि निशांत अपने बहनोई के घर जिरवाबाड़ी आया हुआ था। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।