Brief By Newsbrief / 5:36 PM on 18 Apr 2026
कोडरमा: झारखंड में पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य पर्यटन विभाग द्वारा कोडरमा और पूर्वी सिंहभूम से चयनित 60 प्रतिभागियों को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी और आसपास के पर्यटन स्थलों के एक्सपोज़र विज़िट पर भेजा गया है। इस दल को अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र ने शनिवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक पर्यटन प्रबंधन, होमस्टे संचालन और सतत विकास के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना है। ‘डेस्टिनेशन अनलिमिटेड टूर एंड ट्रेवल्स’ द्वारा संचालित इस पहल में दार्जिलिंग के सफल होमस्टे मॉडल को समझने का अवसर मिलेगा, जिसे झारखंड के आदिवासी और इको-टूरिज्म क्षेत्रों में लागू किया जा सकता है।
कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक भोजन, लोक संगीत और हस्तशिल्प को पर्यटन से जोड़ने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और डिजिटल प्रचार-प्रसार पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह पहल राज्य में रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और पर्यटन के सतत विकास में अहम भूमिका निभाएगी।