Brief By Newsbrief / 5:06 PM on 18 Apr 2026
रांची में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। हाल ही में रिम्स की एक डेंटल छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटनाओं ने पूरे राज्य में आक्रोश पैदा कर दिया है।
भाजपा महिला मोर्चा इन घटनाओं के विरोध में लगातार प्रदर्शन कर रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता बताते हुए कहा कि राज्य में बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ते अपराधों के बावजूद सरकार सख्त कदम उठाने में विफल रही है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है।
आंदोलन के तहत 19 अप्रैल की शाम 5:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे रांची SSP कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
भाजपा ने मांग की है कि ऐसे मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।