Brief By Newsbrief / 2:18 PM on 17 Apr 2026
गढ़वा जिले से एक दिल छू लेने वाली खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक टूटते रिश्ते को शादी के बंधन में बदल दिया। खरौंधी थाना क्षेत्र के हुसरू गांव की रहने वाली 19 वर्षीय अनिता कुमारी और सुंडी पासवान निवासी सत्येंद्र उरांव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। हालांकि, हाल ही में सत्येंद्र ने शादी से इनकार कर दिया, जिससे आहत अनिता अपनी दादी के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाइश की। लंबी बातचीत और प्रयास के बाद आखिरकार दोनों परिवार शादी के लिए तैयार हो गए।
इसके बाद थाना प्रशासन की मौजूदगी में खरौंधी स्थित शीतला देवी मंदिर में सादगीपूर्ण विवाह समारोह आयोजित किया गया। यहां दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। यह घटना साबित करती है कि संवेदनशील प्रयास से न सिर्फ विवाद सुलझाए जा सकते हैं, बल्कि रिश्तों को भी नई दिशा दी जा सकती है।