Brief By Newsbrief / 11:54 AM on 17 Apr 2026
शहर के महुलसाई मुख्य मार्ग स्थित सत्यपाल साइकिल स्टोर के पास पाइप गोदाम में गुरुवार देर रात एक विशालकाय सांप घुसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब 10 से 12 फीट लंबे इस सांप को देखकर गोदाम में मौजूद कर्मियों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने और डर के कारण वह आक्रामक हो गया।
भारी बारिश और बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थिति और भयावह हो गई। आशंका जताई जा रही थी कि सांप आसपास के घरों में घुस सकता है, जिससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय को दी गई, जिन्होंने तुरंत वनपाल रिचर्ड मैथ्यू सोरेन को अवगत कराया। इसके बाद वन विभाग की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया और उसे वन क्षेत्र में छोड़ने के लिए टीम अपने साथ ले गई। इस सफल रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की।