Back

बंगाल चुनाव से पहले झारखंड में बड़ी कार्रवाई: सीमा पर 4 अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त

Brief By Newsbrief / 10:55 AM on 17 Apr 2026


पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए झारखंड उत्पाद विभाग ने सीमावर्ती इलाकों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पूर्वी सिंहभूम जिले में बंगाल सीमा से सटे क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ कड़ा कदम उठाया गया।

अभियान के तहत कमलपुर थाना क्षेत्र के गोलकाटा और बोड़ाम थाना क्षेत्र के डूंगरीडीह व दामोदरपुर गांव में संचालित कुल 4 अवैध चुलाई शराब भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा रहा था। साथ ही लगभग 35 लीटर तैयार चुलाई शराब भी जब्त की गई। विभाग के अनुसार, इस शराब को चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में खपाने की योजना थी।

हालांकि, कार्रवाई की भनक मिलते ही भट्ठी संचालक जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इस मामले में संबंधित आरोपियों पर झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

Read more on Newsbrief