Brief By Newsbrief / 5:50 PM on 16 Apr 2026
राजधानी रांची में चोरी की एक बड़ी और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। कांके रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान को चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया। बदमाशों ने दुकान की छत और उस पर लगी लोहे की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया और डिस्प्ले में रखे करीब 15 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहने चोरी कर फरार हो गए।
दुकान संचालक संजय प्रसाद जब रोजाना की तरह सुबह करीब 11 बजे दुकान पहुंचे, तो बाहर से सब कुछ सामान्य दिखा। लेकिन शटर खोलते ही अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। डिस्प्ले खाली था और ऊपर की छत व जाली कटी हुई मिली।
सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गए, जिससे जांच चुनौतीपूर्ण हो गई है। हालांकि पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।